Breaking News

बलिया में लेखपाल संघ के जिले के सभी 15 पदाधिकारी हुए निलम्बित



अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंघल ने की कार्रवाई

 बलिया 13 जुलाई 2018 ।।
   
लेखपालों की हड़ताल प्रतिबंधित किये जाने के बावजूद कार्य पर वापस नहीं आने पर फिलहाल 15 लेखपालों को अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंघल ने निलम्बित कर दिया है। सभी लेखपाल संघ के तहसील स्तरीय अध्यक्ष व मंत्री है। 
जिले में कुल स्वीकृत 664 लेखपालों के सापेक्ष 546 लेखपाल कार्यरत हैं। इनमें 297 अस्थायी है जो परिवीक्षाधीन हैं। अस्थायी सेवा वाले इन लेखपालों को नोटिस जारी कर चेताया गया है कि कार्य पर वापस नहीं आने की दशा में पदच्यूत कर दिया जाएगा। शुक्रवार को जिन 15 लेखपाल संघ के पदाधिकारियों का निलंबन हुआ उनमें लेखपाल संघ के पूर्वी जोन के प्रदेश उपाध्यक्ष रामपूजन, जिलाध्यक्ष निर्भय नारायण सिंह, जिला मंत्री छट्ठू यादव भी शामिल हैं। इनके अलावा सदर तहसील के अध्यक्ष विश्वामित्र सिंह व मंत्री विनय दूबे, रसड़ा तहसील के अध्यक्ष चैधरी विजय कुमार व मंत्री मारकण्डेय दीक्षित, बांसडीह तहसील के मंत्री रामजी पांडेय, सिकंदरपुर तहसील के अध्यक्ष रामजी पांडेय व मंत्री पतरू राम, बैरिया तहसील के अध्यक्ष राजाराम सिंह व मंत्री मदन यादव, बेल्थरारोड तहसील के अध्यक्ष हरिकेश सिंह व मंत्री दिलीप सिंह को भी सस्पेंड कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि लोक सेवाएं बाधित होने के आरोप में यह कार्रवाई हुई है। सभी एसडीएम तहसीलदार को निर्देश दिया गया है कि अस्थायी परिवीक्षाधीन लेखपालों के कार्य पर वापस नहीं आने पर पदच्यूत करने की कार्रवाई होगी।