Breaking News

सिकन्दरपुर बलिया :- बिजली रानी बिजली रानी मत कर अब तू मनमानी , जनता को है बड़ी परेशानी

सिकन्दरपुर में बिजली के लिये हाहाकार
चार पांच घंटे बिजली मिल जाये तो गनीमत मानिये
स्थानीय सत्ताधारी नेताओ पर उपेक्षा का आरोप लगा रही है जनता 
नुरुल होदा की रिपोर्ट
सिकंदरपुर (बलिया) 2 जुलाई 2018 ।। सरकार चाहे  बिजली सुधारने की लाख दावे कर ले लेकिन धरातल पर इसका कोई प्रभाव पड़ने वाला नहीं है। जबकि प्रदेश व केंद्र सरकार  बिजली व्यवस्था सुधारने  को लेकर सरकार में आई थी। यह समस्या तब और कचोटती है जब सूबे के बिजली मंत्री श्रीकांत शर्मा ही बलिया के प्रभारी मंत्री है ।जब बिजली मंत्री के प्रभार वाले बलिया जनपद की यह दशा है तो अन्य छोटे जनपदों के तो भगवान ही मालिक होंगे । बिजली और कानून व्यवस्था को ठीक कार्नर के वादे से केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार से भी लोगो की उम्मीद टूट रही है । लोग
अब तो बच्चों की जगह बिजली को ही लोरी सुनाकर मनाने का प्रयास कर रहे है --बिजली रानी बिजली रानी मत कर तू इतनी मनमानी , हो रही है बड़ी परेशानी ... साथ ही स्थानीय भाजपा नेताओ से भी जनता नाराज दिख रही है क्योंकि क्षेत्रीय विधायक और सांसद इस समस्यां को हल कराने का प्रयास नही कर रहे है । गर्मी में लोग जहां रात में चैन से सो भी नहीं पा रहे हैं वही दिन में छोटे छोटे कारोबारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि ना तो कोई जनप्रतिनिधि इस पर ध्यान दे रहा है और ना ही कोई अधिकारी। क्षेत्रीय लोगो का कहना है कि सरकार बनने के बाद स्थिति सुधरने की उम्मीद जगी थी। और उम्मीद को उस समय और ज्यादा पंख लग गया जब पता चला कि उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा को अपने जिले का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया। उस समय लोगों में हर्ष व्याप्त हो गया कि कम से कम बिजली की व्यवस्था अपने जिले में सुधर जाएगी। लेकिन आज लोग अपने आप को कोसते नजर आ रहे हैं। कभी ब्रेकडाउन तो कभी अन्य फाल्टों के कारण कस्बे वासियों व गांववासियों को रोस्टर के अनुरूप भी बिजली नसीब नहीं हो पा रही है। कितने घंटे बिजली मिलेगी यह बात तो कर्मचारी भी नहीं बता पाते हैं। दिन के समय इस भीषण गर्मी में जहां लोग पसीना बहाने को मजबूर है। वही रात के समय नींद हराम हो रही है, इसके साथ ही साथ पेयजल का संकट भी बढ़ता जा रहा है। विद्युत व्यवस्था में सुधार किए जाने के प्रयास के चाहे जितने दावे किए जाएं लेकिन व्यवस्था में सुधार होने के बजाए दिन-प्रतिदिन स्थिति और बिगड़ती जा रही है। रोस्टर के अनुरूप बिजली ना मिल पाने से इस भीषण गर्मी में आम जनजीवन अस्त व्यस्त है। रात को बार बार हो रही ट्रिपिंग के कारण लोग करवटें बदल कर रात काटने को मजबूर है। वही तमाम लोग जमीन पर बैठकर बिजली आने का इंतजार करते हैं। रात के समय जब इंसान सुकून की नींद लेना चाहता है तभी मच्छरों भी अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर देते हैं। भीषण गर्मी में नींद पूरी ना होने के कारण अनेक प्रकार की बीमारियां जन्म ले रही है। क्षेत्र में बिजली कटौती के चलते सुबह व शाम को पेयजल के लिए लोग इधर उधर भटकते नजर आते हैं। सबसे खराब हालत तो ग्रामीण क्षेत्रों की है यहां कब बिजली आए और कब चली जाए किसी को नहीं मालूम।

लोकल फाल्ट के वजह से प्रॉब्लम हो रही है बहुत जल्द फाल्ट को दूर कर के बिजली सुचारु ढंग से चालू करा दी जाएगी
                        एसडीओ
                      बिजली विभाग

सिकंदरपुर की बिजली व्यवस्था एकदम चरमरा सी गई है ।हम लोगों ने कुछ दिन पहले इसके लिये ज्ञापन उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर को दिया था लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है यहां तक कि हमारे कार्यकाल में दी हुई ट्राली और ट्रांसफार्मर का चक्का तक इस सरकार में नहीं बदला जा रहा है। 6 महीनों से ट्राली का चक्का खराब पड़ा है। ना तो नगर पंचायत और ना ही बिजली विभाग इस ओर ध्यान दे रहा है। इस ट्रांसफार्मर की वजह से काफी सहूलियत थी इस सरकार में केवल जुमलेबाजी चल रही है कार्य नहीं किया जा रहा है।
                      मोहम्मद रिजवी
             पूर्व मंत्री /विधायक/सपा नेता
                       सिकंदरपुर

इस सरकार के सभी वादे हवा हवाई साबित हो रहे हैं। जबकि बिजली व्यवस्था की हालात तो इस सरकार में एक कदम से खरांब हो गई है। अभी तक कोई विकास देखने को नहीं मिल रहा है । बिजली न रहने से किसान भी परेशान है।
                 राजनारायण यादव
           पूर्व विधान सभा बसपा प्रत्याशी
                 सिकंदरपुर

सिकंदरपुर में बिजली की ब्यवस्था एक दम से ध्वस्त हो गयी है जनता में हाहाकार मची है अगर स्थिति 2 से 4 दिन में नही सुधरी तो कभी भी क्षेत्रीय लोग सड़क पर उतर आंदोलन के लिये बाध्य हो सकते हैं।
                  शम्भू नाथ मिश्र
                 लोकतंत्र सेनानी व
            वरिष्ठ पत्रकार सिकंदरपुर

इस संदर्भ में भाजपा के क्षेत्रीय पदाधिकारीयो से मोबाइल
से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन संपर्क नही हो पाया।