Breaking News

लखनऊ : अखिलेश यादव को भरोसा, यूपी में एक-दो सीट जीतने को भी तरस जाएगी भाजपा

अखिलेश यादव को भरोसा, यूपी में एक-दो सीट जीतने को भी तरस जाएगी भाजपा
ए कुमार


लखनऊ 23 मार्च 2019 ।। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बसपा व राष्ट्रीय लोकदल के साथ गठबंधन को को लेकर काफी उत्साहित हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भरोसा है कि लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा उत्तर प्रदेश में एक-दो सीट जीतने को भी तरस जाएगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में गठबंधन का प्रदर्शन ऐसा होगा कि राजनीति के पंडित भी हैरान रह जाएंगे। इस बार भाजपा प्रदेश में एक-दो सीटों के लिए भी तरस जाएगी। लोकसभा चुनाव को देश की राजनीति के लिए निर्णायक ठहराते हुए अखिलेश ने कहा कि प्रदेश के मतदाताओं पर अबकी बड़ी जिम्मेदारी है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की संकीर्ण मानसिकता तथा झूठ व फरेब की राजनीति के मुकाबले प्रदेश में सपा-बसपा-रालोद का गठबंधन वैचारिक आधार पर बना है, जिसका उद्देश्य लोकतंत्र, समाजवाद और सामाजिक सौहाद्र्र के रास्ते में आ रही बाधाओं से पार पाना है। अखिलेश ने गठबंधन को सत्ता पक्ष का सशक्त विकल्प बताया। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक न्याय और जनआकांक्षाओं को बचाने का गठबंधन है।

अखिलेश ने कहा कि दिल्ली के सिंहासन का रास्ता लखनऊ से होकर ही गुजरता है। भाजपा पर संकल्प पत्र के वादे पूरे न करने और समाज का तानाबाना तोडऩे का आरोप लगाते हुए अखिलेश ने कहा कि सरेआम अभद्र भाषा का प्रयोग और जूतों से पिटाई के दृश्यों ने यह संशय पैदा कर दिया है कि भाजपा चुनाव जीती तो लोकतंत्र का भविष्य क्या होगा।

'फोटो दहन' को बताया अपमान

सपा अध्यक्ष ने बाराबंकी के होलिका दहन में उनकी व बसपा अध्यक्ष की फोटो लगाये जाने को लेकर भाजपा पर हमला किया है। अखिलेश ने कहा कि बाराबंकी के इस होलिका दहन का संदेश स्पष्ट है कि दलित व पिछड़े समाज को भाजपा काल में वैसे ही दबाया-जलाया जाएगा, जैसा सदियों से हुआ है। बीते पांच वर्षों में दलित व पिछड़े वर्गों का अपमान और उनके साथ अन्याय ने हर सीमा पार कर दी है। अब वंचित वर्गों का आक्रोश भाजपा को जल्द दिखाई देगा।