Breaking News

बलिया में संचारी रोग नियंत्रण अभियान अब चलेगा एक जुलाई से 31 जुलाई तक

बलिया में  संचारी रोग नियंत्रण अभियान अब चलेगा एक जुलाई से 31 जुलाई तक 

बलिया, 14 जून 2019 ।।
जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई 2019 तक चलाया जाएगा। पूर्व में यह अभियान 10 जून से 25 जून तक चलाया जाना प्रस्तावित था। नोडल अधिकारी डा0 जे0आर0 तिवारी ने बताया कि संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनापोक्स, फ़ाईलेरिया, कालाजार आदि के नियंत्रण हेतु  अभियान की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
जिला मलेरिया अधिकारी आर0पी0 निरंजन ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान का पहला चरण फरवरी माह में संचालित किया गया था। अभियान के दूसरे चरण में सभी गतिविधियों की विस्तृत कार्य योजना बनाकर संचालित की जाएगी। अभियान के लिए बनाई जाने वाली कार्य योजनाओं में लक्ष्य का उल्लेख भी किया जाएगा।
उन्होने बताया कि माह की समाप्ति के उपरांत जिले में अभियान की उपलब्धियां, निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रदर्शित की जाएंगी। अभियान में साफ सफाई, कचरा निस्तारण, जलभराव रोकने तथा शुद्ध पेयजल उपलब्धता पर विशेष जोर दिया जाएगा। जनपद तथा ब्लॉक स्तर पर समन्वय समितियों का गठन कर नियमित अंतराल पर विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्य निष्पादन तथा जनपद में संचारी रोग की स्थिति की समीक्षा हेतु समितियों की बैठक की जाएगी ताकि अभियान को सफल बनाया जा सके।
इस अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन के साथ जिला स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित कर लिया गया है। जनपद स्तर पर ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 जून को रखा गया है। उक्त प्रशिक्षित अधिकारी ब्लॉक और ग्राम स्तर पर अधिकारियों और प्रधानों को संचारी रोगां के रोकथाम के लिए जागरूक करेगें।