Breaking News

रक्षा मंत्री बनने के बाद राजनाथ सिंह सोमवार को जाएंगे सियाचीन , थल सेनाध्यक्ष भी रहेंगे साथ

 रक्षा मंत्री बनने के बाद राजनाथ सिंह सोमवार को जाएंगे सियाचीन , थल सेनाध्यक्ष भी रहेंगे साथ

नईदिल्ली 2 जून 2019 ।।
मोदी सरकार में राजनाथ सिंह को रक्षामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। शनिवार को उन्होंने अपना कार्यभार संभाला। अब वह अपने पहले आधिकारिक दौरे पर सोमवार को सियाचिन जाएंगे। इस मौके पर सेनाध्यक्ष बिपिन रावत उनके साथ मौजूद होंगे। इससे पहले मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान वह देश के गृहमंत्री थे। 

रक्षामंत्री के तौर पर अपना पदभार संभालने के पहले राजनाथ सिंह राष्ट्रीय शौर्य स्मारक गए थे। जहां उन्होंने देश सेवा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी थी। इस दौरान उनके साथ सेनाध्यक्ष बिपिन रावत, वायुसेना अध्यक्ष बीएस धनोआ और नौसेनाध्यक्ष एडमिरल करमबीर सिंह मौजूद थे। इसके बाद उन्होंने तीनों सेना प्रमुखों से बातचीत की और उन्हें अपने-अपने बलों की चुनौतियों और कामकाज पर रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा। जल्द ही इसकी समीक्षा बैठक होगी।

मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में सितंबर 2017 से मई 2019 तक निर्मला सीतारमण ने रक्षामंत्री का कार्यभार संभाला था। इस बार उन्हें वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। 50 साल बाद किसी महिला को वित्तमंत्री बनाया गया है। इससे पहले देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी 1970 से 1971 तक एक साल के लिए देश की वित्त मंत्री थीं। सीतारमण 2006 में भाजपा में शामिल हुई थीं। 2010 में उन्हें भाजपा का  प्रवक्ता बनाया गया था।
रक्षामंत्री ने दशहरा तो प्रधानमंत्री ने सियाचिन में मनाई थी दीवाली
रक्षामंत्री रहते हुए निर्मला सीतारमण ने सियाचिन में जवानों के साथ दशहरा मनाया था। 30 सितंबर 2017 को सियाचिन और लद्दाख की अग्रिम चौकियों पर सीतारमण ने जवानों के साथ दशहरे का त्योहार मनाया था। इसके अलावा उन्होंने लेह को काराकोरम से जोड़ने वाले एक पुल का भी उद्घाटन किया था। 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सियाचिन में जवानों के साथ दिवाली मनाई थी।