Breaking News

लखनऊ : सड़क से सदन तक कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरेगी सपा

सड़क से सदन तक कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरेगी सपा

लखनऊ 2 जून 2019 ।।
लोकसभा चुनाव के बाद गाजीपुर, जौनपुर व नोएडा में सपा नेताओं की हत्या से कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। पार्टी कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरेगी। सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी।

सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी का कहना है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था नहीं रह गई है। सरकार राजनीतिक राग-द्वेष से कार्रवाई कर रही है। निर्दोषों की हत्याएं हो रही हैं।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को गौतमबुद्ध नगर के दादरी विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष रामटेक कटारिया की गोली मारकर हत्या किए जाने पर गहरा दुख जताया है। उनके निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल व अन्य नेता रविवार को दादरी जाकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करेंगे।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद तीन जून को आजमगढ़ जाएंगे। वहां रात्रि विश्राम के बाद चार जून को वह गाजीपुर जाएंगे और दिवंगत जिला पंचायत सदस्य विजय यादव के परिजनों से मिलकर दुख साझा करेंगे। विजय यादव की 25 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।