Breaking News

दिल्ली का पुलिस वकील विवाद अपडेट :पुलिस के बाद वकीलों ने आज किया प्रदर्शन

दिल्ली का पुलिस वकील विवाद अपडेट :पुलिस के बाद वकीलों ने आज किया प्रदर्शन
ए कुमार

नईदिल्ली 6 नबम्बर 2019 ।। पुलिस के 11 घंटे के 'सत्याग्रह' के दूसरे दिन आज वकील इंसाफ की मांग कर रहे हैं। दिल्ली की पांच जिला अदालतों में वकीलों ने कामकाज ठप कर दिया है। गेट बंद हैं, ऐसे में आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है। वकील किसी को भी कोर्ट परिसर में जाने नहीं दे रहे हैं। रोहिणी कोर्ट में एक वकील ने बिल्डिंग की छत पर चढ़कर खुदकुशी करने की भी कोशिश की है। फिलहाल पटियाला हाउस कोर्ट, साकेत कोर्ट, रोहिणी कोर्ट, कड़कड़डूमा कोर्ट और तीस हजारी कोर्ट में वकील प्रदर्शन कर रहे हैं।
आपको बता दें कि तीस हजारी कोर्ट में हुई हिंसा को लेकर पहले पुलिस ने मंगलवार को प्रदर्शन किया था। कई वायरल विडियो में वकीलों द्वारा पुलिस की पिटाई से लोगों का समर्थन भी पुलिस को मिला है। ऐसे में वकील नाराज हैं। उनका कहना है कि उनकी गलत छवि पेश की जा रही है। अब वे इंसाफ की मांग करते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ ऐक्शन की मांग कर रहे हैं।

रोहिणी कोर्ट की बिल्डिंग पर चढ़ा वकील

आज रोहिणी कोर्ट परिसर में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक वकील बिल्डिंग के ऊपर पहुंच गया। आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए वकील खुदकुशी की कोशिश करने लगा। काफी देर तक यह ड्रामा चला। कुछ देर बाद उसे सुरक्षित उतार लिया गया। उधर, रोहिणी कोर्ट के बाहर भी एक वकील ने आत्मदाह की कोशिश की। पेट्रोल डालकर खुदकुशी की कोशिश करने वाले वकील ने कहा कि वह आत्मसम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं।