Breaking News

अयोध्या को सिर्फ राम पसंद है : सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के दृष्टिगत अयोध्या की स्थिति पूरी तरह सामान्य

अयोध्या को सिर्फ राम पसंद है : सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के दृष्टिगत अयोध्या की स्थिति पूरी तरह सामान्य

 न्यायालय के निर्णय का किया स्वागत
ए कुमार



अयोध्या 9 नवम्बर 2019 ।।सर्वोच्च न्यायालय सेे  राम जन्म भूमि एवं बाबरी मस्जिद के विषय में निर्णय आने पर पूरी अयोध्या में हर्षोल्लास एवं सौहार्द का वातावरण है। मंडलायुक्त  मनोज मिश्र, पुलिस महानिरीक्षक डा0 संजीव गुप्ता, जिलाधिकारी  अनुज कुमार झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  आशीष तिवारी विगत दो दिनों से अयोध्या प्रकरण के निर्णय के संबंध में अपने अधिकारियों के साथ संवाद कर रहे थे तथा इस क्रम में मीडिया कर्मियों से भी संवाद किया गया था। निर्णय आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पूरे क्षेत्र की जानकारी ली गई तथा विशिष्ट लोगों से संवाद भी किया गया। जिसमें प्रमुख रूप से छावनी के अध्यक्ष महंत  नृत्य गोपाल दास उनके उत्तराधिकारी  कमल नयन दास, दिगंबर अखाड़े के  सुरेश दास के अतिरिक्त इस प्रकरण के अन्य पक्षकार  इकबाल अंसारी पुत्र हाशिम अंसारी से भी संवाद किया गया तथा उनके निवास पर जाकर मुलाकात भी की गई।  सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सभी ने एक स्वर में सराहना की तथा केंद्र व राज्य सरकार की व्यवस्थाओं को भी बेहतर बताया। पूरा अयोध्या क्षेत्र एवं मंडल तथा पड़ोस के अन्य जनपदों में स्थिति सामान्य रही। 14 कोसी परिक्रमा एवं पंचकोशी परिक्रमा के श्रद्धालु अपने-अपने निवास  स्थान की ओर सुगमता से प्रस्थान कर रहे थे।

शासन के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पूरे अयोध्या क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया गया। मंडलायुक्त  मनोज मिश्र, पुलिस महानिरीक्षक डॉ संजीव गुप्ता, जिलाधिकारी  अनुज कुमार झा व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  आशीष तिवारी ने भ्रमण के उपरांत कहा कि पूरे क्षेत्र में स्थिति सामान्य है। बाजार पूरी तरह से खुले हुए हैं तथा भीड़ भी सामान्य है। अयोध्या एवं उसके पड़ोसी क्षेत्रों से कोई अप्रिय सूचना प्राप्त नहीं हुई है। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक समय में कुछ वाहनों पर प्रतिबंध लगाए गए थे जिसे बाद में कम कर दिया गया जिससे आवागमन की व्यवस्था बेहतर हो गई। स्थानीय और बाहर के मीडिया कर्मियों ने निर्बाध रूप से अपना-अपना कवरेज किया। संत-महात्माओं, अधिकारियों एवं आम जनमानस से वार्तालाप भी किया। सोशल मीडिया पर कोई प्रतिकूल बात नहीं आई, सभी का सकारात्मक सहयोग रहा।
 अंत में मंडलायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपद वासियों, श्रद्धालुओं, मीडिया कर्मियों आदि के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि इसी तरह गंगा-जमुनी संस्कृति का वातावरण बना रहेगा। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि आगामी दिनों में अन्य महात्माओं एवं संभ्रांत व्यक्तियों से बेहतर संवाद स्थापित करेंगे।