Breaking News

भोपाल : मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी का हुआ निधन, फैली शोक की लहर

 मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी का हुआ निधन, फैली शोक की लहर
ए कुमार

भोपाल 24 नवम्बर 2019 :मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी का आज यहाँ एक निजी अस्पताल में निधन हो गया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता जोशी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका उपचार भोपाल के एक निजी अस्पताल में किया जा रहा था, जहाँ सुबह लगभग 11.25 बजे उनका निधन हो गया। वे 91 वर्ष के थे। वही जोशी के निधन से प्रदेश भाजपा में शोक की लहर है। उनके निधन पर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ट्वीट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

बता दें कि सन 1955 में कैलाश जोशी हाटपीपल्या नगरपालिका के अध्यक्ष चुने गए। सन् 1962 से निरन्तर बागली क्षेत्र से विधान सभा के सदस्य रहे। सन 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना से ही उसके सदस्य बने। आपातकाल के समय में एक माह भूमिगत रहने के बाद दिनांक 28 जुलाई, 1975 को विधान सभा के द्वार पर गिरफ्तार होकर 19 माह तक मीसा में नजरबंद रहे। 24 जून, 1977 को कैलाश जोशी मध्यप्रदेश के इतिहास में पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री हुए। हालांकि, 1978 में अस्वस्थता के कारण उन्होंने मुख्यमंत्री पद त्याग दिया था ।