Breaking News

बलिया : नगरा को मिली सौगात , विधायक धनंजय कन्नौजिया के प्रयास से नगरा अब हुई नगर पंचायत


 बलिया : नगरा को मिली सौगात , विधायक धनंजय कन्नौजिया के प्रयास से नगरा अब हुई नगर पंचायत
संतोष द्विवेदी



नगरा, बलिया 19 दिसम्बर 2019 ।। नए साल में जिले को सौगात के रूप में एक और नगर पंचायत मिल जाएगी। नगर पंचायत की तीन दशक पूर्व की मांग बेल्थरा रोड विधायक के अथक प्रयास से अब पूर्ण होने के कगार पर है। नगर पंचायत की खबर सुन क्षेत्र के लोगो मै खुशी है।
       नगरा को नगर पंचायत बनाने की मांग तीन दशक पूर्व नगर विकास मंत्री विक्रमादित्य पांडेय के समक्ष उठी थी। पूर्व मंत्री ने आश्वासन भी दिया था किन्तु नगरा नगर पंचायत नहीं बन सकी। तभी से नगरा के सामाजिक कार्यकर्ता नगर पंचायत की मांग कर रहे थे। सर्राफा कारोबारी अमरेन्द्र बाबू उच्च न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाया था। न्यायालय के आदेश पर शासन ने जांच भी कराई किन्तु पहल के अभाव में नगर पंचायत का मामला अधर में लटका हुआ था। इधर कुछ दिनों से नगरा को नगर पंचायत बनाने की मांग सोशल मीडिया पर भी तेजी से ट्रेड कर रहा था। भाजपा के युवा कार्यकर्ता भाजपा विधायक धनंजय कन्नौजिया पर नगर पंचायत हेतु दबाव भी बना रहे थे।बेल्थरारोड विधायक भी यहां के लोगों के मांग पर नगरा को नगर पंचायत बनाने हुए जुट गए। अंततः विधायक को सफलता भी मिली।

 इस बाबत भाजपा विधायक धनंजय कन्नौजिया ने बताया कि नगरा नगर पंचायत की सारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बन गई है। नए वर्ष के प्रथम सप्ताह में इसकी घोषणा भी कर दी जाएगी। नगरा के विकास हेतु नगरा के युवाओं के मांग थी, जिसे शासन ने मान लिया है।

 शासन से नगरा को नगर पंचायत की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक धनंजय कन्नौजिया द्वारा नगर विकास मंत्री को धन्यवाद व आभार का पोस्ट जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, नगरा के युवाओं एवं कारोबारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। बाजार के युवा एक दूसरे को मिठाईयां खिलाकर बधाई देते नजर आने लगे। साथ ही सोशल मीडिया पर सरकार व विधायक को लोगो ने बधाई ज्ञापित की। शासन से नगर पंचायत की स्वीकृति की जानकारी होते ही सबसे ज्यादा हर्ष भाजपा कार्यकर्ताओं व सोशल मीडिया पर अभियान छेड़ने वाले युवाओं को हुई। नगर पंचायत की स्वीकृति मिलने पर लोगो की प्रतिक्रियाएं कुछ ऐसी रही :-
               पूर्व ब्लाक प्रमुख निर्भय प्रकाश ने कहा कि नगरा के लोगो की बहूप्रतीक्षित मांग पूरी हो गई। नए वर्ष के आरम्भ में सौगात के रूप में नगरा को नगर पंचायत का दर्जा मिलने से काफी खुश हूं। पूर्व ब्लाक प्रमुख ने कहा कि अब नगरा चतुर्दिक विकास की कड़ी से जुड़ जाएगा।
               नगरा को नगर पंचायत की स्वीकृति मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए शिक्षक राज बहादुर सिंह अंशू ने कहा कि नगरा के लिए यह सुखद खबर है। अब नगरा का चतुर्दिक विकास हो सकेगा। उन्होंने कहा कि काफी दिनों से यहां के लोगों की नजर पंचायत बनाने की अर्सा पुरानी मांग आज पूरी हो गई है। 
       भाजयुमो के रामायण ठाकुर ने कहा कि आज दशकों पुरानी मांग पूरी हो गई है। उन्होंने इसके लिए प्रदेश की भाजपा सरकार व क्षेत्रीय विधायक धनंजय कन्नौजिया को बधाई देते हुए कहा कि विधायक के प्रयास से ही ये सम्भव हो सका है।
            युवा जय प्रकाश जायसवाल ने कहा कि आज युवाओं का परिश्रम रंग लाया है। कहे कि नगरा के युवा लगातार सोशल मीडिया पर नगरा को नगर पंचायत बनाए जाने की मांग करते रहे है। जय प्रकाश जायसवाल ने नगरा को नगर पंचायत की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं विधायक धनंजय कन्नौजिया को धन्यवाद दिया है।
             कारोबारी प्रतीक प्रकाश रूपु ने कहा कि  नगरा को नगर पंचायत का दर्जा मिलने से काफी खुशी हुई है। कहे कि नगर पंचायत हो जाने से यहां की जटिल समस्याओं से छुटकारा मिलेगा और विकास की कड़ी से नगरा जुड़ जाएगा।