Breaking News

बलिया में उन्नाव कांड की बांट जोहती भीमपुरा पुलिस : एडीजी व एसपी बलिया के आदेश के बाद भी नही दी रेप पीड़िता को धमकी मिलने के बाद भी सुरक्षा

 बलिया में उन्नाव कांड की बांट जोहती भीमपुरा पुलिस : एडीजी व एसपी बलिया के आदेश के बाद भी नही दी रेप पीड़िता को धमकी मिलने के बाद भी सुरक्षा
बृजेश सिंह

भीमपुरा बलिया 21 जनवरी 2020 ।। भीमपुरा पुलिस कही उन्नाव घटना की बाट तो नहीं जोह रही है। पीड़िता का आरोप है कि भीमपुरा पुलिस द्वारा दुष्कर्म के एक मामले में जेल से बाहर निकले आरोपी द्वारा दुष्कर्म पीड़िता को जलाकर जान से मारने या तेजाब फेकने की धमकी देने के बाद थाने पर शिकायत करने पहुंची पीड़िता व उसकी मां को ही थाने से भगा दिया गया। आरोपी इसी माह की 29 जनवरी को कोर्ट में बयान न बदलने पर पीड़िता को उन्नाव घटना की पुनरावृति की धमकी दी है। बावजूद इसके भीमपुरा पुलिस दुष्कर्म पीड़िता व उसके परिजनों की एक भी बात सुनने को तैयार नहीं है। पीड़ित परिवार ने कोर्ट में जाने तक अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक से 19 जनवरी को मिलकर गुहार लगाई है,लेकिन 21 जनवरी की की शाम तक, समाचार लिखे जाने तक  इस परिवार को कोई सुरक्षा नही मिली है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर बलिया पुलिस पीड़िता और उसके परिजनों को सुरक्षा देने से क्यो कतरा रही है ?


    एक तरफ जहां देश मे दुष्कर्म के मामले में सख्ती के साथ निपटने का निर्देश है ,वही बलिया जिले की भीमपुरा पुलिस दुष्कर्म पीड़िता को थाने से ही भगा दे रही है। भीमपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को डेढ़ वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के ही एक गांव का युवक चाकू की नोक पर अपहरण कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने युवक पर अपहरण कर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया। दुष्कर्म पीड़िता की मां ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए पत्र में उल्लेख किया है कि युवक जेल से बाहर निकलने के बाद मेरी पुत्री को सुलह करने की धमकी दे रहा है। बीते 17 जनवरी को मेरी पुत्री जब मऊ दवा के लिए गयी थी तो उक्त युवक उसका पीछा करते हुए मऊ तक गया  और अपने दोस्तों संग मेरी पुत्री को घेर कर इसी माह 29 जनवरी को कोर्ट में होने वाले जिरह में फैसला बदलने के लिये धमकी दिया। ऐसा न करने पर उसे जलाकर जान से मारने या तेजाब फेकने की भी धमकी दिया है। जिसके सदमे में मेरी पुत्री की तबीयत खराब हो गयी है। उक्त युवक के धमकाने की जानकारी अपनी पुत्री के साथ जब भीमपुरा थाने गयी तो वहां दरोगा ने मुझे ही उल्टा डाँटकर भगा दिया। दुष्कर्म पीड़िता की माँ का कहना है कि न्यायालय में सुनवाई तक मेरी पुत्री को खतरा है जिसके लिए में दर दर भटककर न्याय की गुहार लगा रही हूं।

...तो एडीजी व पुलिस अधीक्षक से पॉवरफुल है भीमपुरा पुलिस ?
   बलिया जनपद की भीमपुरा पुलिस एसपी से ही नहीं बल्कि एडीजी जोन से भी अपने को उच्चस्थ मानती है। उनके निर्देशों का इस थाने की पुलिस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता है। भीमपुरा पुलिस द्वारा थाने से भगाए जाने के बाद दुष्कर्म पीड़िता व उसकी माँ पुलिस अधीक्षक से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाई। इस बात की जानकारी उच्च अधिकारियों को ट्विटर के माध्यम से दी गयी जिसमे एसपी बलिया ने भीमपुरा पुलिस को तत्काल कार्यवाही का निर्देश दिया लेकिन दूसरे दिन भी घटना की प्राथमिकी तो दूर पीड़िता का हालचाल लेना भी भीमपुरा पुलिस ने मुनासिब नहीं समझा। इससे साफ जाहिर है कि अपने उच्चाधिकारियों के आदेशों को भी ठेंगा दिखाने से वह परहेज नहीं कर रही है।