Breaking News

बलिया : गंगा यात्रा के कार्यक्रम स्थल का डीएम एसपी ने किया निरीक्षण, नाव में भ्रमण कर तैयारियों का लिया जायजा

बलिया : गंगा यात्रा के कार्यक्रम स्थल का डीएम एसपी ने किया निरीक्षण, नाव में भ्रमण कर तैयारियों का लिया जायजा





बलिया 24 जनवरी 2020 ।। आगामी  27 जनवरी से शुरू होने वाली गंगा यात्रा  की तैयारी का अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी श्री प्रताप शाही और पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने बकायदा कार्य का निरीक्षण किया। चूंकि, नौकायन प्रतियोगिता भी होनी है और यात्रा का शुभारंभ भी जल मार्ग से ही होना है, इसलिए अधिकारियों ने नदी में नाव से भ्रमण कर तैयारियों को देखा। जिलाधिकारी ने आवश्यकतानुसार अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए।

दुबेछपरा में गंगा किनारे बन रहे पंडाल और हेलीपैड निर्माण की स्थिति को भी देखा। जिलाधिकारी ने कहा कि समय बहुत कम है, लिहाजा कार्य की स्पीड बढ़ा दी जाए। मौके पर कार्य करा रहे लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर को सख्त निर्देश दिया कि तेजी से कार्य करा कर हर रोज की प्रगति बताते रहें। इसके अलावा वहां चारों ओर पर्याप्त पानी का छिड़काव कराने का भी निर्देश दिया। जर्मन हेंगर (लोहे के टेंट) लगाने पर उसे तत्काल हटवाने को कहा। निर्देश दिया कि एक लकड़ी का अच्छा स्टेज बनवाया जाए और उसके चारों तरफ बैरिकेडिंग कराया जाए। दूबेछपरा गंगा घाट पर बनाए गए चबूतरा को भी देखा। निरीक्षण के बाद वहां से निकलते समय भी जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने की बात दोहराई। इस दौरान उनके साथ सीडीओ बद्रीनाथ सिंह, एडीएम रामआसरे, एसडीएम बैरिया अशोक चौधरी, सीओ अशोक सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।