Breaking News

गरीबी व चोरी के लांछन से व्यथित होकर मैनपुरी में दो बेटियों की गोली मारकर हत्याकर खुद थाने पहुंचा पिता

गरीबी व चोरी के लांछन से व्यथित होकर मैनपुरी में दो बेटियों की गोली मारकर हत्याकर खुद थाने पहुंचा पिता
ए कुमार

मैनपुरी 19 मार्च 2020 ।। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धारऊ में बुधवार की देर रात डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। एक  पिता ने अपनी दो  पुत्रियों को मौत के घाट उतार दिया और फरार हो गया। हालांकि कुछ देर बाद वो खुद ही थाने पहुंच गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई। घटना से गांव में भी दहशत का माहौल है। घटना सुनकर मौके पर एसपी अजय कुमार पांडेय भी पहुंच गए थे।
घटना बुधवार की रात लगभग 10:30 बजे की है। ग्रामवासी सुखदेव शर्मा पुत्र प्रताप नारायण शर्मा ने अपनी दो पुत्रियां नेहा (20) व अनामिका (18) की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्याकांड के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। जानकारी पाकर परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। हत्या करने के बाद फरार पिता पकड़े जाने के डर से खुद ही थाने पहुंच गया। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। खबर पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गयी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।

राजमिस्त्री का काम करता है आरोपी
सुखदेव शर्मा राजमिस्त्री है। उसके घर की आर्थिक हालत ठीक नहीं है। दोनों बेटियां युवावस्था में थीं। घर के लालन-पालन में भी मुश्किल हो रही थी। इस वजह से घर में कलह होती रहती थी।

बेटियों पर मोबाइल चोरी का आरोप लगने से था व्यथित
मंगलवार को बेटियां पास ही एक होली मिलन समारोह में गई थीं। वहां एक व्यक्ति का मोबाइल चोरी हो गया। उसने दोनों बहनों पर चोरी का आरोप लगा दिया। इसे लेकर सुखदेव काफी परेशान चल रहा था। एक कयास ये भी लगाया जा रहा है कि इसी वजह से उसने दोनों बेटियों को मौत के घाट उतार दिया।