Breaking News

गोरखपुर : घर के सामने मुर्गा न काटने को कहा तो हो गया बवाल, मारपीट और पथराव में सात घायल


घर के सामने मुर्गा न काटने को कहा तो हो गया बवाल, मारपीट और पथराव में सात घायल
ए कुमार

गोरखपुर 10 मार्च 2020 : चौरीचौरा क्षेत्र के आमकोल गांव में मंगलवार की सुबह एक व्यक्ति के घर के सामने मुर्गा काटने के विवाद में जमकर मारपीट हुई। मारपीट के बाद एक पक्ष से दर्जनों लोगों ने दूसरे पक्ष के घर पर तोड़फोड़ और पथराव किया। इसमें एक पक्ष से दो और दूसरे पक्ष से पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर सीओ रचना मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह और पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस टीम ने गांव में फ्लैग मार्च भी किया। मौके पर पुलिस फ़ोर्स तैनात कर दी गई है। होली का त्‍योहार मनाते हुए गांव के प्रकाश और मोलन, उमेश के घर के सामने मुर्गा काट रहे थे। उमेश ने दोनों को घर के सामने मुर्गा काटने से रोका तो विवाद बढ़ गया। दोनों में मारपीट शुरू हो गई। उमेश और सुभाष ने प्रकाश और मोलन की पिटाई कर दी। इसकी जानकारी दोनों की बस्‍ती के लोगों को हुई तो वे बड़ी संख्‍या में उमेश के घर पहुंच गए। वहां जमकर मारपीट हुई। गुस्‍साए लोगों ने उमेश के घर पर पथराव किया। गेट, सीसीटीवी कैमरा और खिड़की के शीशे तोड़ दिये। मारपीट में एक पक्ष से प्रकाश (25), मोलन (40) तथा दूसरे पक्ष से उमेश (40), सुभाष (58), सरोज (45), अर्चना (32) और गिरीश सहित कुल सात लोग घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हो गया लेकिन सीओ ने एहतियात के तौर पर मौके पर कुछ पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया।