Breaking News

बोले अखिलेश : जब देश में विपक्ष का अपमान हो रहा हो, नई संसद के उद्घाटन में कौन जाएगा, पुरानी पेंशन की बहाली का समर्थन





सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा पर विपक्ष के अपमान का लगाया आरोप

बलिया।।पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव यहां शनिवार को भाजपा पर हमलावर रहे।उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि ऐसे वक्त में जब देश में विपक्ष का अपमान हो रहा हो। लोकतंत्र में विपक्ष की बात सरकार नहीं सुन रही हो तो कौन जाएगा नई संसद के उद्घाटन में। श्री यादव ने कर्मचारियों द्वारा पुरानी पेंशन की बहाली के लिये किये जा रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि पुरानी पेंशन शुरू होनी चाहिए। कहा कि पुरानी पेंशन देने की बात सबसे पहले सपा ने ही उठाई, जिसके बाद लगभग 5 राज्यों में शुरू भी हो गयीं है।



अखिलेश यादव एक महीना पहले मारे गए छात्रने स्व हेमंत यादव व युवजन सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी के पिता के निधन के बाद शोक व्यक्त करने आये थे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह का कई विपक्षी दलों द्वारा बहिष्कार को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि जिस प्रदेश में नौजवानों की हत्या हो, बुलडोजर से ब्राह्मण परिवार की मां बेटी को जिंदा जला दिया जाए। जहां सबसे अधिक न्यायिक हिरासत में मौतें हुई हो। अकेले उत्तर प्रदेश में पन्द्रह हजार फेक एनकाउंटर हों।




ऐसे में बीजेपी कहती है कि लोकतंत्र का नया मंदिर तैयार हुआ है। उसका उद्घाटन है। अगर वह लोकतंत्र का मंदिर है तो झूठ बोलने वालों के लिए वो जगह नहीं है। यदि भाजपा वहां बोलना ही चाहती है तो कम से कम सत्य बोले जो जनता सुनना चाहती है। देश में चरम सीमा पर बेरोजगारी और महंगाई है। ऐसे हालात में नई संसद बनाकर खुशी मनाई जा रही है। कहा कि यूपी में एक किलो भी गेहूं सरकार ने नहीं खरीदा। प्राइवेट लोगों को लाइसेंस दे दिया। यूपी में पूरा गेंहू उद्योगपति खरीद कर ले गए। मुनाफा किसान की जगह उद्योगपति कमा ले गए। 

एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष नया प्रधानमंत्री देगा। हंसते हुए बोले, कहा जाता है कि यूपी से बहुत प्रधानमंत्री बनते हैं। समाजवादी लोग कोशिश करेंगे कि देश को ऐसा प्रधानमंत्री मिले जो गांव के गरीब और किसानों के लिए कुछ काम करे। राहुल गांधी के विदेश दौरे पर कहा कि प्रधानमंत्री भी अभी विदेश से लौटे हैं। आज जब डब्लूटीओ से समझौता कर रहे हैं तो देश और विदेश में फर्क नहीं बचा है। राहुल गांधी के विदेश जाने में कोई बुराई नहीं है। कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है। मऊ में चंद्रभान चौहान की हत्या कर दी गई। जिन्होंने हत्या की वो अभी तक पकड़े नहीं गए। क्या सरकार उसके परिवार को सरकारी नौकरी देगी।

बुनकरों की बिजली छीन ली गई। योगी सरकार पर सीधा हमला करते हुए कहा कि ये लोग 'गोरखधंधा' कर रहे हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से गोरखपुर को जोड़ने वाली नब्बे करोड़ की सड़क के लिए छह हजार करोड़ में बना रहे। उससे बलिया नहीं जुड़ा। यदि बलिया और बनारस भी जुड़ता तो कारोबार बढ़ता। यूपी के मुख्यमंत्री ऐसे हैं कि जो भी इन्हें दे दो, उसे खराब कर देंगे। मुझे याद है कि दिल्ली में बलिया की बेटी की हत्या हुई थी। मैंने उसके गांव में अस्पताल दिया था। वह अस्पताल नहीं चल रहा। जनता भाजपा को हटाना चाहती है। जबकि बीजेपी साजिश कर रही है कि वोट बंट जाय।





हेमन्त यादव मार दिया गया। लोकतंत्र को ये लोग कहां से पहुंचा दिए। अखिलेश यादव ने कहा कि जब हम पवार में आएंगे तो पुरानी पेंशन बहाल करेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे जिस दिन अरविंद गिरी और स्व हेमंत यादव के परिजनों से मिलने आना था, उसी दिन मेरी ताई का देहांत हो गया। इसलिए पहले नहीं आ पाया। आज आया हूं। अरविंद गिरी समाजवादी पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव राजीव राय, विधायक संग्राम सिंह यादव, पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह, पूर्व मंत्री नारद राय,सपा जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव, पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता नीरज सिंह गुड्डू, सुशील कुमार पांडेय कान्हजी, चन्द्रशेखर सिंह आदि थे।