Breaking News

जन्मदिन, शादी या हर विशेष मौके पर लगाएं पौधे, करें उनका संरक्षण: प्रभारी मंत्री दयालू मिश्र



वृक्षारोपण अभियान जनजागरुकता कार्यक्रम में किया प्रतिभाग, पौधे लगाने के प्रति किया जागरूक

बलिया।। जिले में वृक्षारोपण अभियान शनिवार को एक पर्व की तरह धूमधाम से मनाया गया। जगहजगह सरकारी कार्यक्रम आयोजित कर पौधे लगाए गए। आम लोगों ने इस दिवस पर पौधे लगाकर सरकार के वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता दर्ज कराई।


प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने बसंतपुर में आयोजित जनजागरुकता एवं बाल पौधरोपण भंडारा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने कुलपति संजीत गुप्ता, विधायक केतकी सिंह, जिलाधिकारी रवींद्र कुमार के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।





प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत बलिया जिले में 40 लाख, जबकि पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले क्षेत्र का सर्वाधिक अभाव था, जिसे दूर करने के लिए योगी सरकार ने विशेष मुहिम चलाई। इसमें लोगों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। उन्होंने अपील किया कि परिवार में जब भी जन्मदिन, शादी अथवा कोई विशेष दिन हो, इस नाम पर पौधा जरूर लगाएं।





  स्कूली बच्चों को बताया पौधों का महत्व

प्रभारी मंत्री ने बसंतपुर में स्कूली बच्चों को निःशुल्क पौधा वितरित करने के बाद उनसे बातचीत करते हुए कहा कि पौधों को लगाने के साथ उसकी हिफाजत करना भी बहुत जरूरी है। इसमें बच्चों का महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है। कोरोना महामारी के बीच लोगों ने ऑक्सीजन के महत्व को समझा। सोचिए, ये पौधे हमें कितनी प्रचुर मात्रा में ऑक्सीजन देते हैं। इसलिए संपूर्ण मानव जीवन बचाने के लिए पौधे लगाना और उनको बचाना बहुत जरूरी है। मंत्री के हाथों पौधा पाकर और उनसे पेड़ों के महत्व पर बातचीत कर बच्चे भी काफी उत्साहित दिखे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने अपने संबोधन में पौधे लगाने के साथ-साथ वर्षा के पानी के संरक्षण को भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के बाद उसे अपने सामने बढ़ता हुआ देख काफी आत्मसंतुष्टि मिलती हैं।इसलिए अपने मन की खुशी के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनका संरक्षण करें। उन्होंने प्रभारी मंत्री को रुद्राक्ष का पौधा व अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया।



           दूबेछपरा में भी लगाए पौधे


प्रभारी मंत्री ने शनिवार की शाम को दुबेछपरा में भी बंधे पर पौधारोपण किया। उनके साथ जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने भी पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि पौधे सड़क से पर्याप्त दूरी पर लगाया जाए, ताकि सड़क चौड़ीकरण के समय पेड़ बीच में ना आए।


मृत बच्चों के परिजनों से मिले प्रभारी मंत्री, बंधाया ढांढस



बलिया: दो दिन पहले सुल्तानपुर दियारे में सरयू नदी में डूबे दोनों बच्चों के घर प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत ही दुखद है। मौके पर मौजूद एडीएम बांसडीह राजेश गुप्ता को निर्देश दिया कि तत्काल आपदा कोष से सहायता राशि दी जाए। किसी भी हालत में विलम्ब न होने पाए। प्रभारी मंत्री के साथ पहुंचे केतकी सिंह भी परिवार की महिलाओं से मिलकर सबको हिम्मत बनाए रखने की बात कही। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार, एसपी एस.आनंद, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू सहित अन्य लोग साथ थे।


सरयू नदी में हो रहे कटानरोधी कार्य का किया निरीक्षण





प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ने सुल्तानपुर दियारे में सरयू नदी से हो रहे कटान का जायजा लिया। इसके बाद रेंगहा में हो रही कटान और वहां कराए जा रहे कटानरोधी कार्य का निरीक्षण किया। नदी में डाली जा रही बोरी की गुणवत्ता को परखा। निर्देश दिया कि कार्य को गुणवत्ता हमेशा बेहतर से बेहतर रखें।


निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने बाढ़ खंड के अलावा तटवर्ती लोगों से जरूरी जानकारी ली। उन्होंने अधिशासी अभियंता बाढ़ को निर्देशित किया कि किसी भी हाल में बंधा और आबादी पर बाढ़ का असर नहीं पड़ना चाहिए। तटबंध और आबादी पूरी तरह सुरक्षित रहे, यह सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिला प्रशासन के अलावा बाढ़ खंड हमेशा अलर्ट मोड पर रहे। तटबंधों की निगरानी 24 घंटे हो।


अधिशासी अभियंता संजय मिश्र ने बताया कि सुल्तानपुर के सामने दो ठोकर का प्रस्ताव गया है। स्वीकृत होने के बाद निश्चित रूप से इधर कटान में कमी आएगी। रेंगहा में हो रहे कटानरोधी कार्य को देखा और संतोष जाहिर किया। ग्रामीणों ने भी बताया कि इस कटानरोधी कार्य के बाद ही नदी की धारा, जो बंधे की तरफ आ रही थी, मुड़कर वापस नदी की तरफ गई है। प्रभारी मंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा कि हर हाल में आबादी को सुरक्षित रखा जाएगा। इस दौरान जिलाधिकारी रवींद्र कुमार, एसपी एस.आनंद, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू सहित अन्य लोग साथ थे।