Breaking News

डॉ संजय तर्डे के इतिहास को दुहराने की राह पर पुलिस अधीक्षक एस आनंद :बदमाशों ने घर में की वृद्ध महिला की हत्या, अकेली रहती थी वृद्ध




 परमन्दापुर गांव की है घटना,वृद्ध महिला के सिर पर है गम्भीर चोटे

सोने व चाँदी के आभूषण लूटने का है आरोप

मधुसूदन सिंह 

बलिया।। पुलिस अधीक्षक के रूप में एस आनंद जो अपने पूरे सर्विस पीरियड में अपराधियों पर नकेल कसने वाले अधिकारी के रूप में प्रसिद्ध है,बलिया आगमन पर लोगों में अपराधों पर नियंत्रण होगा, की आस जगी थी। लेकिन ज्यों ज्यों समय बीतता गया, लोगों को निराशा हाथ लगती गयी। न अवैध रूप से लाल बालू की तस्करी रुकी, न ही अवैध रूप से होने वाली शराब की तस्करी ही। यह अलग बात है कि गाहेँ बगाहेँ थानाध्यक्ष शराब की तस्करी के प्रयास को विफल किया है। जिसको आमजन रूटीन धरपकड़ से ज्यादे कुछ नही मानते है। इधर जनपद में हो रही हत्याओं की घटनाओं ने बलिया की पुलिसिंग को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

बलिया में बहुत पहले तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी डॉ संजय तर्डे आये थे। ये बहुत ही काबिल अधिकारी थे, लेकिन दुर्भाग्य ये रहा कि उनका कार्यकाल बलिया में हत्याओं की बाढ़ के रूप में जाना जाता है। एक अख़बार ने तो यह हेडिंग ही बना दी थी -डॉ संजय तर्डे, वन मर्डर पर डे।

वर्तमान पुलिस अधीक्षक एस आनंद के कार्यकाल में अभी तो यह स्थिति नही आयी है लेकिन घर में घूस कर हत्या करने की घटनाओं में इजाफा जरूर हुआ है। अगर यही क्रम चलता रहा तो डॉ संजय तर्डे का रिकॉर्ड पहुंच में आ जायेगा, जो पुलिस अधीक्षक साहब अपने सेवा के अंतिम दौर में नही चाहेंगे। एक कहावत है कि तालाब का पानी नही बदलने से उसमे बदबू आ जाती है। यही हाल बलिया की पुलिसिंग की है। समझदार को इशारा काफी होता है।





एक बेटा पुलिस इंस्पेक्टर, एक चीफ कण्ट्रोलर,फिर भी अकेली रहने वाली वृद्ध की हुई हत्या 

बता दे कि शहर कोतवाली क्षेत्र के परमन्दापुर गांव में शुक्रवार की शाम करीब आठ बजे के आस पास बदमाशों ने परमन्दापुर निवासी वीना श्रीवास्तव 82 पत्नी स्व केदारनाथ श्रीवास्तव की हत्या कर दी। लोगो की माने तो बदमाश मृतक महिला का चैन लॉकेट अंगूठी कान की बाली समेत अन्य सोने चांदी के गाने लेकर फरार हो गए। जैसे ही घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई, वैसे ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्ज में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और छानबीन में जुट गई। 

बताया जा रहा है कि वीना श्रीवास्तव बैरिया थाना क्षेत्र के सोनबरसा की मूल निवासी थी, उनके पति स्वर्गीय केदार श्रीवास्तव रेलवे में काम करते थे। जिनका वर्ष 2005 में निधन हो गया था। परमन्दापुर में दो दशक से अधिक समय से आवास बनाकर निवास करती थी। वृद्ध महिला घर पर अकेली रहती थी उनके दो पुत्र हैं। बड़ा बेटा सोनू कुमार श्रीवास्तव कानपुर नगर में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है। जबकि छोटा बेटा आनंद कुमार श्रीवास्तव मुंबई में चीफ कंट्रोल ऑफीसर के पद पर रेलवे में तैनात है। वही एक बेटी स्मिता श्रीवास्तव है जिनकी शादी हो चुकी है। आसपास के लोगों ने वृद्ध महिला के बड़े पुत्र सोनू श्रीवास्तव को फोन से घटना की जानकारी दी। इसके बाद  बड़े पुत्र एवं उनकी पत्नी तुरंत घर पहुंचे। उधर पुलिस अधीक्षक एस आनंद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी, सीओ सिटी एस एन वैभव पांडेय समेत कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचे घटनास्थल का निरीक्षण किया एवं मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। घटना लूट की है या कुछ और, विभिन्न बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।