Breaking News

भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ तहसील करछना की बैठक संपन्न :तहसील स्तरीय प्रेस अस्थाई समिति की बैठक पुनः शुरू करने की मांग




 निष्ठा पूर्वक अनुशासन में  रहकर ही संगठन को आगे बढ़ाया जा सकता है  --- ननकेश


करछना  ( प्रयागराज  )।।भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ की तहसील इकाई करछना की आवश्यक बैठक मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज करछना के प्रांगण में जिला संयुक्त सचिव लालचंद प्रजापति की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें मुख्य अतिथि राष्ट्रीय संयोजक डॉक्टर भगवान प्रसाद उपाध्याय और विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला अध्यक्ष वर्तमान जिला संरक्षक ननकेश बाबू यादव रहे। बैठक का संचालन कार्यकारी तहसील अध्यक्ष रामबाबू पटेल ने किया।

     बैठक में पत्रकारों को संबोधित करते हुए जिला संरक्षक ननकेश बाबू यादव ने कहा कि निष्ठा पूर्वक अनुशासन में रहकर ही संगठन को आगे बढ़ाया जा सकता है ,और करछना  इकाई अपने स्वर्णिम इतिहास की ओर बढ़ सकती है। राष्ट्रीय संयोजक डॉक्टर भगवान प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि हम अपनी कलम की मर्यादा बनाए रखें और कभी भी किसी वाद से ग्रसित होकर समाचार ना लिखें। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारों की ही पहचान बनती है। डॉक्टर उपाध्याय ने कहा कि तहसील स्तरीय प्रेस अस्थाई समिति की बैठक फिर से बुलाई जानी चाहिए जिससे छोटी-मोटी समस्याओं का तात्कालिक समाधान निकाल सके। इसके लिए महासंघ शासन प्रशासन को पत्र देकर आग्रह करेगा। डॉ उपाध्याय ने कहा कि कोई भी काम समय से ही अच्छा रहता है समय निकल जाने पर केवल पश्चाताप ही हाथ लगता है, इसलिए हम लोग समय को पहचाने और समय के साथ चलें।





       बैठक में सभी पत्रकारों ने भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि हम संगठन के साथ सदैव खड़े हैं और तहसील में एक विशाल आयोजन की तैयारी में जल्द ही हम लोग प्राणपण से जुड़ेंगे।अध्यक्षीय  उद्बोधन में लालचंद प्रजापति ने कहा कि आज हमारा संगठन न केवल जिला अपितु प्रदेश के कई जनपदों और देश के कई प्रदेशों में विस्तारित हो रहा है यह सब संगठन के सदस्यों के परिश्रम का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि अब संगठन किसी पहचान का मोहताज नहीं है जो लोग इसके महत्व को नहीं समझ रहे हैं वह स्वयं धीरे-धीरे समझ लेंगे।  

    बैठक में सुशील कुमार यादव, गौरी शंकर बिन्द ,  शिव कैलाश भारतीय, विनय कुमार शर्मा, राजकुमार  सरोज ,  रामबाबू बिन्द, आदित्य कुमार , नारेंद्र यादव  , महावीर   आदि ने भी  अपने विचार रखे और सभी लोगों ने एक स्वर से संगठन को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निश्चित करने पर  बल दिया। आगामी बैठक नवंबर माह में करने का निश्चय किया गया जिसमें तहसील की नई कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। सभी ने सर्वसम्मति  से यह आग्रह किया कि कार्यवाहक तहसील अध्यक्ष रामबाबू पटेल को स्थाई तहसील अध्यक्ष घोषित कर दिया जाए और नए सिरे से तहसील इकाई गठित करके संगठन को आगे बढ़ाया जाए। इस प्रस्ताव का करतल ध्वनि से स्वागत किया गया ।  बैठक में करछना और  बारा तहसील के दर्जनों पत्रकार उपस्थित रहे।