Breaking News

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में महिलाओं एवं बालिकाओं के सुरक्षा, सम्मान एवं स्वालंबन से संबंधित मिशन शक्ति कार्यक्रम का वर्चुअल किया गया आयोजन





विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के नये कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं नारी शक्तियां: डीएम

बलिया।। महिला कल्याण विभाग, बलिया के तत्वाधान में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस 15 अक्टूबर 2023 से महिलाओं एवं बालिकाओं के सुरक्षा, सम्मान एवं स्वालंबन के लिए "मिशन शक्ति"(फेज-4)कार्यक्रम के विशेष अभियान संचालन हेतु कार्य योजना के कार्यान्वयन के संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चुअल संबोधन का लाइव प्रसारण पूर्वाहन 11:00 बजे से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में दिखाया गया। इस कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और नारी उत्थान के लिए प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।


जिलाधिकारी ने सभागार में विभिन्न क्षेत्रों /विभागों से कार्यक्रम में सम्मिलित हुई महिलाओं और बालिकाओं को नारी शक्ति के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में नारी शक्तियां विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के नये कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। जैसे खेल, शिक्षा, विज्ञान ,तकनीकी, डिफेंस, सिविल सेवा और राजनीति के अलावा अन्य क्षेत्र में भी। उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जिस तरह से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए संकल्पित है, उसे हम प्रशासन स्तर से अपने अधिकारियों के माध्यम से सुचारू रूप से सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने और इसके बेहतर क्रियान्वयन के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कॉविड  काल जैसी बिषम परिस्थितियों के दौरान महिला आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, आशा और एएनएम के कार्यों को  विश्व स्तर पर सराहे जाने का जिक्र किया। उन्होंने सभी को नवरात्रि की ढेर सारी शुभकामनाएं दी।






भाजपा जिला अध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में हमारा देश और प्रदेश की महिलाएं और बेटियां उन्नति के पद पर अग्रसर है और विभिन्न क्षेत्रों में देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। शासन- प्रशासन एवं संसद और विधानसभा सहित अन्य क्षेत्रों में इनकी भागीदारी बढ़ रही है। सरकार की मंशा है कि जब तक देश की आधी आबादी मजबूत नहीं होगी, तब तक देश मजबूत नहीं होगा। उन्होंने मिशन शक्ति के तहत संचालित योजनाओं के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए सरकार बेहद गंभीर है।


कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और भाजपा जिलाध्यक्ष के द्वारा स्थानीय स्वयं सहायता समूह की महिलाओं,वीसी सखियों एवं जिला कौशल विकास मिशन में प्रशिक्षण प्राप्त बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ सिंबल का कप देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक एस०आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा शंकर तिवारी,जिला विकास अधिकारी राजित राम मिश्र, जिला पंचायती राज अधिकारी यतेंद्र सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुमताज, परियोजना निदेशक उमेश मणि त्रिपाठी, बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह, सीआर‌ओ त्रिभुवन एवं एनसीसी की बालिकाएं, एएनएम,वीट कांस्टेबल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।






जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं के सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए "मिशन शक्ति" कार्यक्रम के अंतर्गत प्रभात फेरी का किया गया आयोजन


जिले के समस्त प्राथमिक/ उच्च प्राथमिक/ कंपोजिट/ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं माध्यमिक विद्यालयों में महिलाओं एवं बालिकाओं के सुरक्षा, सम्मान एवं स्वालंबन के लिए "मिशन शक्ति" कार्यक्रम के संचालन में व्यापक स्तर पर जन भागीदारी और जन आंदोलन बनाये जाने के लिए पूर्वाह्न 9:00 बजे प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इसके अलावा मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों से संबंधित फ्लैक्स, कार्डबोर्ड और स्लोगन का प्रदर्शन किया गया।साथ ही सभी विद्यालयों में सुरक्षा, सम्मान एवं स्वालंबन पर वाद विवाद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई।