Breaking News

राम और भरत के भावपूर्ण मिलाप को देखकर दर्शकों के नेत्रों से बही अश्रु धारा






संतोष कुमार द्विवेदी 

नगरा, बलिया।।सार्वजनिक रामलीला समिति द्वारा जनता इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला में गुरूवार को वृंदावन से आए कलाकारो ने भरत मिलाप एवं राम राज्याभिषेक का भावपूर्ण मंचन किया। भरत मिलाप एवं राजगद्दी देखने के लिए दर्शको की भीड़ उमड़ी रही।

              कलाकारो द्वारा मंचित लीला के अनुसार रावण का वध कर लंका पर विजय प्राप्त करने के बाद राम और लक्ष्मण सीता के साथ पुष्पक विमान से वापस अयोध्या लौटते हैं। अयोध्या पहुंच कर राम सबसे पहले अपने अनुज भरत से भेट करते हैं।राम राजभवन जाने से पहले उस स्थान पर जाते हैं जहां भरत एक वैरागी की तरह नगर से बाहर कुटी में वास कर रहे होते हैं। राम, लक्ष्मण और सीता को देखते ही भरत उनके चरणों में लोट जाते हैं। राम उन्हें उठा कर अपने गले लगा लेते हैं। दोनों की आंखों से अश्रुओं की धारा बहने लगती है।






राम और भरत के इस मिलन को देख दर्शक भी भाव विभोर हो उठे। पूरा दृश्य इतना मार्मिक और दिल को छू लेने वाला था कि लोग अपने आंसू नहीं रोक पाए। इसके बाद राम तीनो माताओं अनुज शत्रुघ्न एवं गुरु वशिष्ठ से मिलते हैं। इस दौरान अयोध्या के नर नारी राम लक्ष्मण व सीता की एक झलक पाने के लिए व्याकुल है। भरत मिलाप के बाद गुरु वशिष्ठ ने वैदिक रिति रिवाज से भगवान श्री राम को अयोध्या के राज सिंहासन पर विराजमान किया। राम राज्याभिषेक होते ही पुरा पांडाल जय श्री राम, हर हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठा।