Breaking News

राममय हुआ नगरा, निकली ऐतिहासिक शोभायात्रा :भक्तिगीतों पर थिरकते रहे युवा, जगह जगह बरसाये गये फूल,झांकियों ने मन मोहा











संतोष कुमार द्विवेदी 

नगरा,बलिया।। अयोध्या में 22 जनवरी को नवनिर्मित मंदिर में प्रभु श्रीराम के नूतन विग्रह प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में नगरा नगर में  ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। जय श्रीराम के उद्घोष से समूचा इलाका राममय हो गया। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, सार्वजनिक रामलीला समिति तथा पूर्वांचल व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में काली मंदिर से हाथी, घोडे, बाजे गाजे के साथ निकली शोभायात्रा में हजारों की भीड उमड पडी। जो राम को लाये हैं हम उनको लायेगें , राम आयेगें , आयेगें राम आयेगें आदि भक्तिगीतों पर बालिकाएं व युवा थिरकते रहे। इनमें बालिकाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। लगभग एक किलोमीटर लंबी शोभायात्रा में एक दर्जन रथों पर विराजमान राम, लक्ष्मण, सीता की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी हुईं थी। शोभायात्रा नगरा सिकंदरपुर मार्ग के काली मंदिर से शुरु होकर नगरा बिल्थरारोड मार्ग, नगरा भीमपुरा मार्ग, नगरा रसडा मार्ग पर भ्रमण करने के पश्चात पुन: काली मंदिर पर पहुंच कर समाप्त हुई। पृथ्वीराज चौहान चौक पर श्रद्धालुओं ने पटाखा फोड कर जश्न मनाया गया।





 शोभायात्रा में आरएसएस के प्रांत कार्यवाह रामबिलास, जिला प्रचारक अनुज , सेवा प्रमुख ब्रजेश पाल, भाजपा नेता छट्ठू राम, पूर्व विधायक भगवान पाठक, विहिप नेता राजीव सिंह चंदेल, राजू सोनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमाशंकर सैनी, बीजेपी आईटी सेल के संयोजक जयप्रकाश जायसवाल, भाजपा नेता योगेन्द्र यादव, विहिप जिला कार्याध्यक्ष दीपक गुप्ता, पूर्व प्रमुख निर्भय प्रकाश , डा. विजय नारायण सिंह, सार्वजनीक रामलीला समिति के राजेश गुप्ता, डा शशि प्रकाश कुशवाहा, रामायण ठाकुर, सुनिल गुप्ता, गणपति गोड, राजू चौहान सहित तमाम गणमान्य एवं आम नागरिक शामिल रहे। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्राधिकारी मुहम्मद फहीम कुरैशी, एसओ अतुल कुमार मिश्र  समेत पीएसी के जवान मुस्तैद रहे।

शोभायात्रा में आधा दर्जन विद्यालयों के छात्रों ने सहभागिता की। बाल्मीकि विद्यामंदिर बलिया के बैंड ग्रुप , छात्राएं, सरस्वती शिशुमंदिर नगरा,  नरहेजी इंटर कालेज नरहीं व वीरांगना लक्ष्मीबाई उमा विद्यालय ढेंकवारी के छात्रों ने सहभागिता की। सारथी सेवा संस्थान के कार्यकर्ताओं ने रामभक्तों पर जगह जगह फूलों की वर्षा की।