Breaking News

राष्ट्रीय जल मार्ग अथॉरिटी की लापरवाही से कोलकाता से अयोध्या जा रहा जलयान बलिया में सरयू नदी में फंसा, निकालने की कोशिश जारी



मधुसूदन सिंह 

 बलिया 18 जनवरी 2024।। राष्ट्रीय जल मार्ग अथॉरिटी की लापरवाही के चलते आगामी 22 जनवरी को कोलकाता से चले लक्ज़री क्रूज के अयोध्या पहुंचने पर संशय उत्पन्न हो गया है। इनकी लापरवाहियों के चलते यह क्रूज सरजू नदी की रेती में फंस गया है। इतने बड़े आयोजन पर अथॉरिटी के अधिकारियों की लापरवाही से ग्रहण लगता दिख रहा है। इस क्रूज के कोलकाता से अयोध्या पहुँचने से पहले अधिकारियों को पूरे मार्ग का सर्वे करके क्रूज के लिये सुरक्षित मार्ग बनाना था, जो नहीं किया गया, जिसका दुष्परिणाम सबके सामने है।बता दे कि आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में प्रभु श्रीराम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। इस दिन ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय जल मार्ग का उद्घाटन होना है।साथ ही अयोध्या में सैलानियों को सरजू नदी में जलयान क्रूज से पर्यटन का लुफ्त उठाने की भी सरकार द्वारा की गयी है। इसी योजना को अमली जामा पहनाने के लिये कोलकाता से एक लक्ज़री क्रूज बलिया के रास्ते अयोध्या जा रहा था। लेकिन बलिया के रेवती थाना इलाका के सरयू नदी में बुधवार की शाम यह जलयान कम पानी के चलते रेत में फंस गया है । जिसे निकालने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि कोलकाता से अयोध्या जा रहा कैटामारन इलेक्ट्रिक जलयान नदी के अंदर पड़ी रेत में फंस गया है । बुधवार को निकालने की शुरू हुई कोशिश गुरुवार को भी जारी थी, लेकिन जलयान को निकाला नहीं जा सका था । आज अगर यह नहीं निकला तो इसका 22 जनवरी को अयोध्या पहुंचना मुश्किल हो सकता है।





 बता दे कि पूरे देश में अयोध्या की चर्चा जोरों पर है।वजह कि 22 जनवरी को भगवान श्रीराम की स्थापित होने वाली प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है। सरकार की तरफ से तमाम सुविधाएं दी जा रही हैं। अयोध्या में एयरपोर्ट, रेल विभाग , रोडवेज की सेवा दी जा रही है। राष्ट्रीय जल मार्ग के तहत पहले गंगा नदी क्रूज आते जाते हैं। उसी की तर्ज पर सरयू नदी से भी राष्ट्रीय जल मार्ग का शुभारंभ होने जा रहा है। जिसके लिए कोलकाता से अयोध्या के लिये यह जलयान चला था। जहां बलिया के रेवती थाना क्षेत्र में जलयान बुधवार को फंस गया। जलयान को निकालने के लिए दो क्रूज लगे हुए हैं।जलयान बुधवार की शाम नदी में पानी कम होने‌ की वजह से बालू की रेत में फंस गया बताया जा रहा है। 






बुधवार को सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र से सरयू नदी के रास्ते जलयान को था गुरजना  


बलिया के रेवती इलाका स्थित सरयू नदी में फंसे जलयान को  निर्धारित समयानुसार बुधवार को सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के खरीद से होकर गुजरना था।इसके लिए दरौली स्थित पीपा पुल को हटाने का भी कार्य किया गया था। कोलकाता के सागर आइलैंड से बीते सात जनवरी को रवाना हुए इस जलयान को हर हाल में 17 जनवरी को खरीद से रवाना हो जाना था।

लेकिन मंगलवार को मांझी घाट के पास भी नदी में पानी कम होने की वजह से वहीं रोकना पड़ गया था। बुधवार को जलयान जेपी नगर ( जय प्रकाशनगर )से जैसे ही आगे बढ़ा नदी में ढलान की वजह से पानी का स्तर ( Lebal )  काफी कम हो गया। और जलयान नदी के रेत में फंस गया। बता दें कि केंद्र सरकार की अति महत्वाकांक्षी जलमार्ग परियोजना के तहत कोलकाता से अयोध्या के बीच सरयू नदी के इस मार्ग को राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या 40 घोषित किया गया है। जिसका उद्देश्य जल परिवहन सेवा के साथ-साथ कारोबार को गति देना है। जिसे मूर्त रूप देने के लिए यह जलयान रवाना किया गया।