Breaking News

प्राण प्रतिष्ठा के जश्न में डूबा इलाका, भक्तिगीतों की बही बयार









संतोष कुमार द्विवेदी

नगरा, बलिया।। अयोध्या में नव निर्मित मंदिर में रामलला के नूतन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के जश्न में पूरा इलाका डूबा रहा। कहीं सुंदर कांड का पाठ तो कहीं संकीर्तन तो कहीं लोक कलाकारों ने भक्ति रस की दरिया बहाया। भीटकुना गांव में युवा लोक कलाकार राहुल ठाकुर विक्की, नम्रता राज व बाल कलाकार ओमजी बबुआ के राम गीतों पर रामभक्त जमकर थिरके। राहुल ठाकुर ने बधाई हो बधाई, अइले राम रघुराई, सजा दो घर को गुलशन सा, हमारे राम आये हैं की प्रस्तुति कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गायिका नम्रता राज ने आये हैं आयें है हमारे राम आये हैं  गाकर सभा को भाव विभोर कर दिया। ओम जी बबुआ ने भी अनेक गीत प्रस्तुत किये। आयोजक रामकरण सिंह व पूर्व प्रधान मनोज सिंह , रामनरेश सिंह ने कलाकारों व विशिष्ट जनों को अंगवस्त्रम से सम्मानित किया।

अंत में महाभंडारे में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।नगरा बाजार में सिकंदरपुर मार्ग पर ब्रम्ह बाबा के स्थान पर मनोज पांडेय के नेतृत्व में सुंदरकांड का पाठ किया गया। हनुमान चौक पर प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण हुआ। पूर्व प्रमुख निर्भय प्रकाश के नेतृत्व में दुर्गा चौक व हनुमान चौक पर पटाखा फोड कर खुशियां मनाई गई। दुर्गा मंदिर, चचयां स्थित ठाकुर जी मंदिर पर सभासद लाल बहादुर सिंह के देखरेख में अखंड हरिकीर्तन व भंडारे का आयेजन हुआ।

 सायंकाल हनुमान चौक पर युवा लोकगीत कलाकार राहुल ठाकुर विक्की ने अपने भक्ति गीतों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके आलावा दुर्गा चौक, सार्वजनिक रामलीला समिति द्वारा हनुमान चौक, गड़वार मोड़ सहित दर्जनों स्थानों पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस मौके पर नगर पंचायत स्थित मंदिरों एवं देवालयों की सजावट मन मोह रही थी।राजेश गुप्ता, रामायण ठाकुर, वृज मोहन गुप्त, गणपति गोड सहित अन्य लोग व्यवस्था के देखरेख में जुटे रहे।ढेंकवारी, नरहीं, ताडीबडागांव , गोंठवां, मलप हरसेनपुर सहित लगभग सभी गावो में हवन पूजन हुआ।