Breaking News

समाजवादी पार्टी के डीएनए में गुंडई, अराजकता :हत्यारों और बलात्कारियों की संरक्षक है सपा : ब्रजेश पाठक



बांसडीह, बलिया।। समाजवादी पार्टी के डीएनए मे गुंडई है और यह हत्यारों और बलात्कारियों की संरक्षक है। ये बातें प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बांसडीह मे स्व रोहित पाण्डेय को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पीड़ित परिजनों से कही है। बता दे कि अपने प्रोटोकॉल से इतर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का काफिला नारायणपुर से निकलकर सबसे पहले 20 जुलाई को बांसडीह कोतवाली गेट के सामने हुए नृशंस हत्याकांड में मृत रोहित पाण्डेय के घर पहुंचा। वहां उप मुख्यमंत्री ने मृतक के फोटो पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संवेदना प्रकट किया। इस दौरान मृतक के पिता दीपनारायण पाण्डेय उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से लिपटकर रोने लगे। रो-रोकर अपने इकलौते पुत्र की हत्या का मामला उपमुख्यमंत्री को बताया।



कहा कि इस घटना के बाद डर से कोई वकील हमारा केस भी लड़ने को तैयार नहीं है, हमें न्याय कैसे मिलेगा। इस पर उप मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि आप को न्याय जरूर मिलेगा। फोन से ही कई वकीलों से बात कर पीड़ित परिवार का केस लेने का अनुरोध किया। कहा कि हत्याकांड के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई होगी, सरकार पीड़ित परिवार के साथ है। मौके पर उपमुख्यमंत्री के साथ मौजूद परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपए के आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ है।


निशाने पर अखिलेश और सपा

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि रोहित पांडेय की दुखद हत्या से हम सभी दुखी है। हम विश्वास दिलाते हैं कि इस मामले में न्याय मिलेगा। श्री पाठक ने समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में लोकसभा चुनाव के बाद जिस तरह से समाजवादी पार्टी के आशीर्वाद से गुंडे और असामाजिक तत्व पनपे हैं और भोली भाली जनता पर कहर बरपा रहे है, समाजवादी पार्टी को उसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

कहा कि बलिया हो या अयोध्या हो,  घटनाओं ने मन को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना की जितनी भी निंदा की जाए कम है। समाजवादी पार्टी जब-जब सत्ता में रही है, तब तब अराजकता और गुंडई हुई है। हमारी सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। कहा कि समाजवादी पार्टी के डीएनए में ही गुंडई है, अराजकता है। हत्यारों और बलात्कारियों का संरक्षण देना समाजवादी पार्टी का पुराना काम रहा है। अखिलेश यादव हो या समाजवादी पार्टी का कोई नेता सभी अपराधियों के समर्थन में रहते हैं। उन्हीं के बल पर सरकार बनाने का असफल प्रयास करते हैं।इसलिए कभी सफल नहीं हो पाते हैं। कहा कि प्रदेश में जो भी पीड़ित है, उसके साथ सरकार खड़ी है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हमारी सरकार सुनिश्चित करेगी।