Breaking News

नागरिक सुरक्षा उपाय जानना है बहुत जरूरी : मनोज वर्मा

 



लखनऊ।। नागरिक सुरक्षा उपायों के द्वारा हम किसी भी प्रकार की आपदा में होने वाली क्षति को कम कर सकते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को समाज हित में इसे जानना चाहिए। ये बात सिविल डिफेंस के सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा ने होमगार्ड्स के जवानों को ट्रेनिंग के दरमियान बताई।

            केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान होमगार्ड्स उत्तर प्रदेश लखनऊ पर इन दिनों मृतक आश्रित के रूप में चयनित महिला होमगार्ड्स स्वयंसेवकों का 50 दिवसीय  आधारभूत प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत आज सिविल डिफेंस लखनऊ में कार्यरत राष्ट्रपति पदक से अलंकृत सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा और ऋषि कुमार ने प्रशिक्षण प्रदान किया।

          मनोज वर्मा ने सिविल डिफेंस की शुरुआत कैसे हुई और इसकी स्थापना का उद्देश्य क्या था इस पर विस्तार से जानकारी प्रदान की, साथ ही आपदा और आपदा के प्रकार के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि यदि भूकंप आ जाता है तब आपको क्या करना चाहिए और किस स्थिति में रहकर आप अपने को सुरक्षित रख सकते हो। इन उपायों के माध्यम से न सिर्फ आप अपने को सुरक्षित रख सकते हो बल्कि अपने परिवार के साथ साझा करके उनको भी सुरक्षित कर सकते हो।

           नागरिक सुरक्षा अधिकारी ऋषि कुमार ने प्रशिक्षार्थियों को बम से संबंधित जानकारी देते हुए बम के बनावट के बारे में बताया। साथ ही बम के प्रभाव और उसके फटने पर कैसे और कहां पर शेल्टर लेंगे इसकी विस्तृत जानकारी प्रदान की। बिना फटे बम की पहचान कैसे करेंगे और उसके प्रभाव से कैसे बचेंगे को भी बताया।  प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षण केंद्र के ब्लॉक ऑर्गनाइजर अनिल कुमार मौर्य और कंचन सक्सेना भी उपस्थित थे।