Breaking News

भरतनाट्यम नृत्यांगना सौम्या वर्मा बनी ब्रांड एंबेसडर




लखनऊ।। बौद्ध शोध संस्थान में आयोजित भारत गौरव सम्मान समारोह 2024 के दौरान लखनऊ की मशहूर भरतनाट्यम कलाकार सौम्या वर्मा को सार्थक वेलफेयर सोसाइटी ने अपना "ब्रांड एंबेसडर" बनाया है।

     गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड से सम्मानित लखनऊ की मशहूर संस्था सार्थक वेलफेयर सोसाइटी के द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गोमती नगर स्थित अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान में भारत गौरव रत्न सम्मान 2024 एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। समारोह के दरमियान संस्था के अध्यक्ष अश्वनी जैसवाल ने लखनऊ की होनहार कलाकार सौम्या वर्मा को संस्था का ब्रांड एंबेसडर घोषित किया। जिसके बाद मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने अपने कर कमलों से सौम्या वर्मा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।

  सौम्या वर्मा के द्वारा इस कार्यक्रम मे भरतनाट्यम की एक सुंदर प्रस्तुति प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में उपस्थित कानपुर से आए मशहूर हास्य कलाकार अन्नू अवस्थी, पूर्व नगर प्रमुख संयुक्ता भाटिया, दर्जा प्राप्त पूर्व राज्यमंत्री विश्वनाथ ने सौम्या के भरतनाट्यम नृत्य की जमकर तारीफ की।

    गौरतलब है कि इस वर्ष सौम्या वर्मा भरतनाट्यम से एमपीए पाठ्यक्रम में भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय में सेकंड टॉपर रही हैं। जिसके लिए पिछले दिनों भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने सौम्या को सिल्वर मेडल देकर सम्मानित किया था। सौम्या ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपनी गुरु उषा सक्सेना, ज्ञानेंद्र दत्त तिवारी व अपने माता पिता को दिया, और होनहार राष्ट्रीय खिलाड़ी अपने छोटे भाई स्वर्गीय मानव वर्मा को समर्पित किया है।