Breaking News

रामलीला का 6 वा दिन : परशुराम लक्ष्मण संवाद व राम सीता विवाह के सजीव मंचन से दर्शक हुए भावविभोर





संतोष कुमार द्विवेदी 

नगरा, बलिया।। सार्वजनिक रामलीला समिति द्वारा जनता इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला के छठवें दिन मंगलवार को वृंदावन से आए कलाकारो ने परशुराम लक्ष्मण संवाद तथा राम सीता विवाह का सजीव चित्रण कर उपस्थित दर्शको का मन मोह लिया। लीला दर्शन करने के लिए सैंकड़ों की सख्या में आए दर्शको को देख आयोजन समिति भी गदगद दिखी।

                      कलाकारो द्वारा मंचित लीला के अनुसार  सीता स्वयंवर में शिव धनुष टूटने की आवाज पर महेंद्रगिरी पर्वत पर समाधि में लीन भगवान परशुराम जी जनकपुर में प्रकट हो जाते हैं। वे शिव जी का टूटा धनुष देखकर भगवान परशुराम क्रोधित हो गए और बोले जिसने शिवजी का धनुष तोड़ा है। वह सहस्त्रबाहु के समान मेरा शत्रु है। इसलिए वह समाज से अलग हो जाए। वरना सभी राजा मारे जाएंगे। परशुरामजी के बचन सुनकर लक्ष्मण जी मुस्कुरा कर कर बोले कि बहु धनुहि तोड़ी लरिकाई, कबहु न असी ऋषि किन्ह गोसाई।बचपन मे हमने बहुत से धनुही तोड़ी है। तब आप इतना क्रोधित नही हुए। आखिर इस धनुष पर इतनी ममता क्यों है। इसके बाद श्री राम खड़े हुए। श्री राम ने कहा कि हे भृगुकुल शिरोमणि आप बालक पर क्रोध न करें। मैं आपका अपराधी हूं। मुझे जो भी दंड देना हो वह दीजिए। आप हर तरह हमसे बड़े है। परशु सहित बड़ नाम तुम्हारा,आपका नाम भी हमारे नाम से बड़ा परशुराम है। जबकि हमारा नाम छोटा सा राम है। इस पर परशुराम जी संशय दूर करने के लिए अपना धनुष देते हुए कहते है कि राम रमापति करधनु लेहु, खैंचहु मोर मिटै संदेहू। श्री राम परशुराम से धनुष लेकर उसपर पर प्रत्यंचा चढ़ा देते है। तब परशुराम को विश्वास हो जाता है कि भगवान विष्णु राम रूप में पृथ्वी पर जन्म ले चुके हैं। वे राम लक्ष्मण से अपने गलतियों की क्षमा मांगने के बाद चले जाते है।





 इसके बाद धूमधाम से श्रीराम सीता सहित चारो भाईयो का विवाह संपन्न हुआ। इस मौके पर मिथिला के सखियों द्वारा राम गाली सहित हल्दी, परछन आदि विवाह कार्य का मंचन देखकर महिलाए काफी प्रसन्न दिखी। लीला का शुभारम्भ सेंट जॉन्स कांवेंट स्कूल के प्रबंधक कृष्ण पाल यादव, जगन्नाथ पात्रा, वीडीओ योगेंद्र प्रसाद, डा आरएस वर्मा, डा डीएन प्रसाद ने संयुक्त से भगवान की झांकी की आरती पुजन कर किया। पूर्व प्रमुख निर्भय प्रकाश, हरेराम गुप्ता, राजेश गुप्ता, रामायण ठाकुर, गणपति गोड, डा शशि प्रकाश कुशवाहा, सुनिल कुमार,अमन कुमार, राहुल ठाकुर, रियांशू जायसवाल, मन्नू मद्धेशिया सहित तमाम गणमान्य नागरिक, अतिथि गण, दर्शक मौजूद रहें।