Breaking News

सिविल डिफेंस ने किशोरियों को सिखाया आपदा प्रबंधन

 




लखनऊ।। विज्ञान फाउंडेशन द्वारा संचालित परियोजना गिविंग विंग्स टू ड्रीमर्स के तहत ज्ञान संसाधन केंद्र अहमदगंज पजावा में सिविल डिफेंस के सहयोग से किशोरियों के लिए आपदा प्रबंधन पर एक कार्यशाला आयोजित की गई।

    लखनऊ सिविल डिफेंस के सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा ने संस्था में उपस्थित किशोरियों को आपदा प्रबंधन के महत्व को बताते हुए कहा कि यदि आपदा के समय तत्काल बेहतरीन प्रबंधन हो जाए तो धन जन की क्षति को कम किया जा सकता है। इसके लिए जरूरी है कि समुदाय के लोगों को ज्यादा से ज्यादा प्रशिक्षित किया जाए और ये कार्य सिविल डिफेंस के द्वारा लगातार समुदाय के बीच में जाकर किया जा रहा है। लखनऊ के विभिन्न स्कूल, कॉलेज, एनसीसी, सामाजिक संस्थाओं, आश्रम, होटल आदि में जाकर उनके द्वारा फायर, फर्स्ट एड, रेस्क्यू का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

        ज्ञान संसाधन केंद्र की कार्यक्रम समन्वयक शहला किदवई ने बताया कि सिविल डिफेंस लखनऊ के राष्ट्रपति पदक से अलंकृत सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा ने संस्था की किशोरियों को आपदा प्रबंधन के तहत फायर और फर्स्ट एड की जानकारी देकर किशोरियों की क्षमता वर्धन किया। इस दरमियान संस्था की 38 किशोरियां उपस्थित रही। विज्ञान फाउंडेशन के द्वारा पिछले 36 सालों से वंचित समुदाय, महिलाओं, बच्चो के लिए लखनऊ की कई गरीब बस्तियों में सैकड़ों किशोरियों के क्षमतावर्धन का कार्य किया जा रहा है।