Breaking News

रामलीला महोत्सव: जालंधर वध देख दर्शक हुए रोमांचित, नगर पंचायत अध्यक्ष ने किया श्रीराम लीला के मंचन का शुभारम्भ

 







संतोष कुमार द्विवेदी 

नगरा, बलिया।।सार्वजनिक रामलीला समिति के तत्वाधान में जनता इंटर कालेज के मैदान में आयोजित रामलीला महोत्सव के प्रथम दिन कलाकारों ने जालंधर वध का सजीव मंचन देख दर्शक रोमांचित हो उठे। लीला के बीच बीच में राधा कृष्ण और पार्वती शंकर की झांकी लोगो का मन मोह रही थी।      

                 लीला में मंचन के माध्यम से दिखाया गया कि सृष्टि के रचयिता ब्रह्मा जी के मानस पुत्र नारद ने इंद्र को उकसा कर भगवान शिव के पास उनका राज्य मांगने के लिए भेजा। पहले तो वह इंद्र को समझाते रहे, लेकिन जब वह नहीं माने, तो उनके क्रोध से जालंधर की उत्पत्ति हुई। जप-तप के बल पर जालंधर अजेय शक्तियां प्राप्त कर लेता है और युद्ध में देवराज इंद्र को परास्त कर देता है। इंद्र उसके डर से छिप जाते हैं, लेकिन नारद जी जालंधर को देवराज के बारे में सबकुछ बता देते हैं। अपनी शक्तियों के मद में चूर जालंधर भगवान विष्णु, ब्रह्मा व शंकर से भी युद्ध करने पहुंच जाता है। तब भगवान विष्णु लीला करके विश्व मोहिनी का अवतार करवाते हैं। इस सुंदरी का नाम वृंदा है और इसी से जालंधर का विवाह होता है। भगवान विष्णु छल से वृंदा का पतिव्रत भंग कर देते है और भगवान शंकर जालंधर का वध कर देते है।

 जब वृंदा को छल करने की जानकारी होती है तो वह भगवान विष्णु को पत्थर होने का श्राप देती है। इससे क्रोधित होकर लक्ष्मी वृंदा को लकड़ी होने का श्राप देती है। श्राप के प्रभाव से वृंदा तुलसी तथा विष्णु शालिग्राम के रुप में पूजे जाते हैं। लीला का शुभारम्भ नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती इंदू देवी,पांडेयपुर के पूर्व प्रधान सूर्यनाथ पांडेय सहित अन्य अतिथियों ने भगवान का माल्यार्पण व आरती कर किया। पूर्व प्रमुख निर्भय प्रकाश,हरेराम गुप्ता, राजेश गुप्ता, रामायण ठाकुर, गणपति गोड, सुनील गुप्ता,समाजसेवी उमाशंकर राम, सुशील राव,नगर पंचायत के सभासद,गणमान्य नागरिक एवं दर्शक उपस्थित रहे।