होली मनाने घर जा रहे अधेड़ की सड़क हादसे मे गयी जान,6 अन्य घायल, 2 की हालत गंभीर
नरही बलिया।। घर जा कर होली मनाने की हसरत पवन राम की हसरत ही रही और जहाँ उसके पहुंचने से घर मे खुशियां मनायी जाती, वहाँ उसकी मौत से मातम पसर गया है।
बता दे कि बक्सर रेलवे स्टेशन से बलिया जा रहा टेम्पो बुधवार को एनएच-31 पर बिलरिया गाँव के पास हादसे का शिकार हो गया। टेम्पो महुआ के पेड़ से टकराकर पलट गया। हादसे में सिकन्दरपुर के पन्दह गांव निवासी पवन राम (34) की मौके पर ही मौत हो गई।
नरही थानाध्यक्ष नदीम अहमद फरीदी ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरही भेजवाया। गंभीर रूप से घायल मनियर निवासी ताराचंद कन्नौजिया (35), और सुरहिया सहतवार निवासी परशुराम(32) को जिला अस्पताल के लिये चिकित्सकों ने रेफर कर दिया।
अन्य घायलों में रेवती निवासी बब्लू साहनी (26), बिगही बहुआरा बांसडीह निवासी अभिनव कुमार राम (19), करम्मर खेजुरी निवासी संदीप गुप्ता (35), सिसोटार सिकन्दरपुर निवासी श्याम चंद कन्नौजिया (50), सलेमपुर देवरिया निवासी बृजेश कुमार (20) और निपनिया मनियर निवासी अंकज (20) शामिल हैं। इन सभी का इलाज नरही सीएचसी में चल रहा है।
मृतक पवन राम अविवाहित था और होली मनाने घर आ रहा था। उनके पिता झिंगुर राम मजदूरी करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।